बेलगाम: जिले के गोकाक फॉल्स के पास एक सुनसान इलाके में 23 वर्षीय युवती को बाइक पर ले जाकर उसकी गला घोंटकर बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाले केंद्र सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक जवान को पुलिस ने धर दबोचा है।
मृतक युवती की पहचान हारोगेरी गांव की रहने वाली रक्षिता सरिकर के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान उसी गांव के बसप्पा सातानवन्नावर के तौर पर हुई है, जो एसएसबी में कांस्टेबल के पद पर तैनात है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिछले 4 साल ने दोनों एक-दूसरे के प्रेम में थे, लेकिन हाल ही में उनके बीच उपजे विवाद ने इस खूनी खेल को जन्म दिया।
वारदात का पर्दाफाश और शातिर नाटक:
गत 28 अक्टूबर को आरोपी बसप्पा ने प्रेमिका रक्षिता को घूमने के बहाने गोकाक फॉल्स की तरफ बुलाया और सुनसान जगह पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी ने शातिर तरीके से खुद को बेकसूर दिखाने के लिए मृतका के भाई के साथ मिलकर उसकी तलाश करने का नाटक भी किया।
"आरोपी ने बेहद शातिर अंदाज में युवती के भाई के साथ मिलकर उसे ढूंढने का नाटक किया। हालांकि, पुलिस की कड़ी पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसका पर्दाफाश हो गया, जिसके बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।"
पुलिस शिकंजे में आरोपी:
रक्षिता के रहस्यमय तरीके से लापता होने के बाद परिजनों ने हारोगेरी पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जब अपनी जांच का दायरा बढ़ाया और रक्षिता के संपर्क में रहे लोगों को खंगाला, तो शक की सुई प्रेमी बसप्पा पर आकर टिकी। पुलिस हिरासत में सख्ती से पूछताछ करने पर उसने सच उगल दिया। गोकाक शहर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।